स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में होम्योपैथी की पढ़ाई के लिए पहला सरकारी कॉलेज नवा रायपुर में शुरू होगा। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग ने उपरवारा स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में बीएचएमएस की 63 सीटों पर प्रवेश की सशर्त अनुमति दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां दाखिले होंगे। सभी सीटों पर NEET की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
15% सीटें अखिल भारतीय कोटे के लिए
कॉलेज की कुल 63 सीटों में से कम से कम 15% सीटें अखिल भारतीय कोटे के लिए निर्धारित होंगी। बाकी सीटें काउंसलिंग के जरिए भरी जाएंगी। फिलहाल आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग चल रही है।
आयुष चिकित्सा शिक्षा का होगा विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के पहले सरकारी होम्योपैथी कॉलेज को प्रवेश की अनुमति मिलना आयुष चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश में अब एक निजी होम्योपैथी कॉलेज संचालित
छत्तीसगढ़ में पहले तीन निजी होम्योपैथी कॉलेज थे। इनमें रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित महाराणा प्रताप होम्योपैथी कॉलेज और बिलासपुर का चौकसे होम्योपैथी कॉलेज बंद हो चुके हैं। फिलहाल रायपुर के रामकुंड स्थित रायपुर होम्योपैथी कॉलेज संचालित है। इसमें 35 सीटें हैं। नए सरकारी कॉलेज में 63 सीटों पर प्रवेश शुरू होने से प्रदेश में होम्योपैथी की पढ़ाई के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।


