अमेरिका से रायपुर पहुंचे एनआरआई को एटीएम में मदद लेना पड़ा भारी! खाते से उड़े ₹1.89 लाख, जानें कैसे खुला राज

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 अक्टूबर 2026:
अमेरिका से अपने परिवार से मिलने छत्तीसगढ़ आए एक सीनियर आईटी एनालिस्ट को एटीएम बूथ के भीतर अनजान व्यक्ति से मदद लेना भारी पड़ गया। शातिर बदमाश ने मदद करने के बहाने चुपके से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उनके खाते से 1.89 लाख रुपये की नगद निकासी के साथ-साथ ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। पीड़ित को चार दिन बाद पिता की एफडी की चर्चा के दौरान कार्ड बदलने की जानकारी हुई। शिकायत मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ad

एयरपोर्ट से भिलाई जाते समय हुई वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, भिलाई के मैत्री विहार निवासी 50 वर्षीय प्रणय पुष्कर राजवाड़े अमेरिका की एक मेडिकल डिवाइस कंपनी में सीनियर आईटी एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। वे 3 अक्टूबर को अमेरिका से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से भिलाई स्थित अपने घर जाते समय सुबह करीब रिंग रोड स्थित पीएस सिटी एसबीआई (SBI) एटीएम में वे 5 हजार रुपये नगद निकालने के लिए रुके थे। इसी दौरान एटीएम बूथ के अंदर 35 से 40 वर्ष का एक अनजान व्यक्ति मदद के बहाने घुसा और बड़ी चालाकी से उनका कार्ड बदलकर दूसरा एटीएम कार्ड थमा दिया। प्रणय अनजान बनकर दूसरा कार्ड जेब में रखकर भिलाई चले गए।

youtube

पिता की एफडी की चर्चा के दौरान खुला राज

वारदात के चार दिन बाद यानी 7 अक्टूबर को जब पिता के मित्र ने खाते में एफडी (Fixed Deposit) की रकम आने को लेकर एटीएम कार्ड के बारे में पूछा, तब परिजनों ने कार्ड की जांच की। कार्ड देखते ही प्रणय के होश उड़ गए, क्योंकि उनके पास किसी अन्य व्यक्ति का कार्ड था। इसके तुरंत बाद जब वे बैंक पहुंचे और अपने खाते का स्टेटमेंट निकाला, तो पता चला कि 3 और 4 अक्टूबर को उनके खाते से कुल 1,89,500 रुपये की नगद निकासी और ऑनलाइन शॉपिंग की जा चुकी थी।

डीडी नगर थाने में मामला दर्ज, जांच जारी

खाते से भारी-भरकम रकम उड़ने का पता चलते ही पीड़ित एनआरआई ने तुरंत डीडी नगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि 35 से 40 वर्ष के उस अज्ञात शातिर बदमाश की पहचान कर उसकी धरपकड़ की जा सके।