क्या नेपाल में फिर दोहराया जा रहा 26 अगस्त जैसा मंजर? बूढ़ी गंडक नदी की बाढ़ ने उड़ाई नींद

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 11 अक्टूबर 2026:
नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार अहले सुबह नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडक नदी में अचानक आई भयानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के साथ बहकर आए मिट्टी, पत्थर और भारी-भरकम पेड़ों की चपेट में आकर रास्ते में आने वाले घर, बेस कैंप और पुल नदी की तेज धारा में समा गए। इस आपदा से दोभान, घट्टेखोला, जगत्, सल्लेरी, चुमानुबरी और धार्चे गांव पालिका में भारी नुकसान हुआ है।

ad

100 मकान बहने की आशंका, पुल और बेस कैंप तबाह

गोरखा जिले के प्रमुख जिला अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार मिश्र के अनुसार, यह बाढ़ रविवार सुबह करीब 4 बजे आई। इस जलप्रलय की वजह से दोभान, घट्टेखोला, जगत्, सल्लेरी, चुमानुबरी और धार्चे गांव पालिका में लगभग 100 घरों के बहने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा छोटे-बड़े आधा दर्जन पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। सल्लेरी में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना के बेस कैंप को भी बाढ़ अपने साथ बहा ले गई है। गनीमत यह है कि अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गृह मंत्री सूदन गुरुंग के निर्देश पर प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए हेलिकॉप्टर तैनात किए गए हैं और बचाव टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।

youtube

प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने रविवार को बाढ़ की गंभीर चेतावनी जारी की है। अथॉरिटी ने लोगों से बूढ़ी गंडक नदी से पूरी तरह दूर रहने की अपील की है, क्योंकि चुमानुबरी रूरल म्युनिसिपैलिटी-6 से नदी में भारी बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने सुबह 6:40 बजे अलर्ट जारी कर त्रिशूली दोभान तक नदी के पास न जाने और पानी उतरने तक ऊंचे स्थानों पर शरण लेने के निर्देश दिए हैं।

कुछ महीने पहले भी हुई थी भारी तबाही

यह ताजा प्राकृतिक आपदा ऐसे समय में आई है जब नेपाल पहले से ही 26 अगस्त को आई भयानक बाढ़ के जख्मों से उबरने की कोशिश कर रहा है। उस दौरान भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों में आई बाढ़ ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग और चितवन समेत कई जिलों में भारी तबाही मचाई थी, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।