स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगभग हो चुकी है। इसके चलते प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क (ड्राई) हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि, लगातार कई शहरों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे धूप और उमस का अहसास होने लगा है।
राजधानी रायपुर में मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में आज मौसम विभाग ने आकाश मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। फिलहाल राजधानी में बारिश को लेकर किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
मौसम विभाग के पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे गर्म इलाका रायपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव में 35.5 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 34.8 डिग्री और रायगढ़ में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर, सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। इन 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।
दो दिन बाद बदल सकता है मौसम, तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया लगातार जारी है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और हिस्सों से मानसून के पूरी तरह लौटने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही, ओडिशा के मध्य भागों पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इस वजह से दो दिन बाद प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


