स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 2026: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस से अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद शनिवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी वहां पहुंचने लगे। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से अब तक 1,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को भी कस्टडी में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस समेत कई जगहों पर कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार सुबह से ही लोगों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया था। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और मिंटो ब्रिज समेत अलग-अलग इलाकों से प्रदर्शनकारियों को कस्टडी में लिया गया।
गुरुग्राम से ध्रुव राठी और दिल्ली एयरपोर्ट से अभिजीत दिपके समेत CJP से जुड़े कई लोगों को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। इन घटनाओं में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा किया गया है।
केजरीवाल के साथ AAP के कई नेता हिरासत में
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पहले ही प्रदर्शन में शामिल होने की बात कह चुके थे। शनिवार को जब वह पार्टी के अन्य नेताओं के साथ जंतर-मंतर के लिए निकले, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
केजरीवाल के साथ सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह और दुर्गेश पाठक को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।
हिरासत में लिए जाने के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “मोदी जी की तानाशाही से हम डरने वाले नहीं हैं।”
ममता बनर्जी भी हिरासत में, TMC ने सरकार पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसके बाद उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
TMC ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि ‘मो-शाह की जोड़ी’ भले ही हदें पार करती रहे, लेकिन कोई भी सरकार जवाबदेही से ऊपर नहीं है और कोई भी सत्ता हमेशा के लिए नहीं रहती।
कई अन्य नेताओं को भी लिया गया हिरासत में
प्रदर्शन के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेन, प्रतिमा मंडल और समीरुल इस्लाम को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है।
फिलहाल दिल्ली के कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने और कुछ स्थानों पर झड़प की खबरें सामने आई हैं।


