92 लाख की संपत्ति जब्ती के बाद भी फरार था मास्टरमाइंड, रायपुर पुलिस की सीक्रेट रेड में दबोचा गया सट्टा किंग

Image

स्वतंत्र बोल
रायपुर 9 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कथित मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी (45) को गिरफ्तार किया है। उस पर ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट jmdbet777.com की आईडी लेकर उसका पैनल संचालित करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और 92.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। अब पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

ad

पहले छह आरोपी गिरफ्तार हुए थे

पुलिस के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र में नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

youtube

उस कार्रवाई के दौरान 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, दो महिंद्रा थार कार और एक नेक्सा एक्सएल-6 कार जब्त की गई थी। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 92 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई थी।

घटना के बाद से फरार था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट jmdbet777.com की आईडी लेकर पैनल संचालित करने का आरोप नितिन मोटवानी पर है। वह घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी के रायपुर में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पैनल चलाने की बात स्वीकारने का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट के पैनल का संचालन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

आरोपी की पहचान नितिन मोटवानी, पिता बीजू मोटवानी, निवासी पाल्म बैलाजियो, खम्हारडीह थाना क्षेत्र, रायपुर के रूप में हुई है।

इन धाराओं में दर्ज है मामला

यह मामला गंज थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।