महतारी वंदन की 32वीं किस्त जारी, खाते में पैसा आया या नहीं ऐसे करें चेक

Woman checking smartphone at home

स्वतंत्र बोल
रायपुर 9 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 8 अक्टूबर 2026 को दुर्ग जिले में आयोजित कार्यक्रम में 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 632 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस किस्त के साथ योजना के तहत अब तक दी गई आर्थिक सहायता 20,708 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। अब लाभार्थी महिलाएं आधिकारिक वेबसाइट पर अपना भुगतान स्टेटस चेक कर सकती हैं।

ad

महतारी वंदन योजना से अब तक 20,708 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान

महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता देती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

youtube

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जब परिवार की महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है, तो इसका सकारात्मक असर पूरे परिवार पर पड़ता है। बच्चों की शिक्षा और पोषण से लेकर परिवार के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़े फैसलों में भी महिलाओं की भागीदारी मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सामर्थ्य देकर उन्हें अपने फैसले खुद लेने का आत्मविश्वास देने का प्रयास किया जा रहा है।

खाते में पैसा आया या नहीं, ऐसे चेक करें स्टेटस

अगर आप महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं और जानना चाहती हैं कि 32वीं किस्त की राशि आपके खाते में आई है या नहीं, तो घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की स्थिति देख सकती हैं।

इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/ पर जाना होगा। वहां लाभार्थी आवेदन और भुगतान की स्थिति से जुड़े विकल्प के माध्यम से जानकारी देखी जा सकती है।

महतारी वंदन योजना का पेमेंट स्टेटस चेक करने का तरीका

  1. सबसे पहले महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/ खोलें।
  2. वेबसाइट पर लाभार्थी आवेदन और भुगतान की स्थिति से जुड़े विकल्प पर क्लिक करें।
  3. मांगी गई जानकारी में अपनी लाभार्थी आईडी, मोबाइल नंबर या आधार नंबर में से किसी एक को दर्ज करें।
  4. इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें।
  5. सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान की स्थिति दिखाई देगी। यहां से आप पता कर सकती हैं कि किस्त का भुगतान हुआ है या नहीं।

भुगतान की स्थिति देखने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर दी गई प्रक्रिया का पालन करें।