स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 9 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि से पहले गरबा ड्रेस पहनकर हाथ में पिस्टल लहराने और सिगरेट पीते हुए रील बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीडियो में शामिल युवतियों और उनके साथियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
गरबा पास के प्रचार के लिए हाईवे पर बनाई रील
यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए एक वीडियो के बाद शुरू हुआ. बिलासपुर की ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट शिफा मैथ्यूज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाने पर एक रील शेयर की थी. इस वीडियो में गरबा ड्रेस पहनी लड़कियां सिगरेट के कश लगाती, पिस्टल लहराती और लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करती दिख रही थीं. इस दौरान नेशनल हाईवे पर शूटिंग की गई, जिससे ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ.
‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ कैप्शन से भड़का विवाद
वीडियो के कैप्शन में ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ और ‘बिना लड़कियों के गरबा पास किसी काम का नहीं’ लिखा गया था. हालांकि, वीडियो के साथ दिए डिस्क्लेमर में हथियार को खिलौना बताया गया था और स्मोकिंग को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक लिखने की चेतावनी दी गई थी. इसके बावजूद धार्मिक परिधान में इस तरह का वीडियो सामने आने पर स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया.
बजरंग दल की शिकायत के बाद 9 लोग गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि पवित्र पर्व नवरात्रि और गरबा की आड़ में इस तरह का अशोभनीय कंटेंट परोसकर सनातन संस्कृति का अपमान किया गया है. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने शिफा मैथ्यूज और युवतियों समेत 9 आरोपियों को थाने बुलाकर कानूनी कार्रवाई की और सभी को गिरफ्तार कर लिया.


