स्वतंत्र बोल
रायपुर 5 अक्टूबर 2026 : रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से यह घोषणा पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने की। तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में शोएब ढेबर फरार है। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं मिला है।
सूचना देने वाले को मिलेगा 5 हजार का इनाम
पुलिस की ओर से जारी इनाम उद्घोषणा में कहा गया है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा। इनाम देने का अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर का होगा। पुलिस ने लोगों से आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर उसे साझा करने की अपील की है।
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
शोएब ढेबर के बारे में जानकारी देने के लिए पुलिस ने तीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त, सिविल लाइन: 94252-62002
थाना प्रभारी, तेलीबांधा: 99074-71911
निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235
14 सितंबर को आया था धमकी भरा मैसेज
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया था। इसके जरिए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच में पांच iPhone किए गए थे जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच iPhone जब्त किए गए थे। इनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी। इसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। रिमांड कोर्ट से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी। 28 सितंबर को अदालत ने पुलिस को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी थी।
दोबारा अपराध की आशंका, इसलिए इनाम
दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद से पुलिस शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के फरार रहने और उसके दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।


