स्वतंत्र बोल
दुर्ग 29 सितम्बर 2026: जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान हादसा हो गया। 10वीं कक्षा के करीब 50 छात्र-छात्राएं संस्कृत की परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान अचानक क्लासरूम की छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में तीन बच्चे घायल हुए। छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई। उसके सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है।
प्लास्टर गिरते ही कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। उन्हें मामूली चोटें बताई गई हैं। स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
कुछ देर प्रभावित हुई परीक्षा
हादसे के कारण कुछ देर के लिए परीक्षा भी प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल भी स्कूल भेजा गया। जांच टीम यह पता लगाएगी कि स्कूल भवन की स्थिति पहले से खराब थी या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि भवन की मरम्मत या सुरक्षा को लेकर पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं।
स्कूल भवन की सुरक्षा पर सवाल
परीक्षा के दौरान करीब 50 बच्चों की मौजूदगी वाले कमरे में छत का प्लास्टर गिरने की घटना के बाद सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और भवनों के रखरखाव को लेकर सवाल उठे हैं। घटना के बाद बच्चों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है।
दुर्ग स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का गृह जिला है। ऐसे में परीक्षा के दौरान स्कूल की कक्षा में छत का प्लास्टर गिरने की घटना शिक्षा व्यवस्था और स्कूल भवनों की सुरक्षा को लेकर चर्चा में है।


