स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 सितम्बर 2026: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 (2024) सर्वे के आधार पर सिस्टम जनरेटेड प्राथमिकता सूची का ग्रामसभा में अनुमोदन कर दिया गया है। रायपुर जिला पंचायत द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिले की चार जनपद पंचायतों में कुल 75 हजार 461 हितग्राहियों के आवेदनों का सत्यापन किया गया। इसमें से 74 हजार 68 हितग्राही पात्र पाए गए हैं, जबकि 1 हजार 393 हितग्राहियों को अपात्र घोषित किया गया है।
चारों जनपद का आंकड़ा जारी, आरंग में सबसे अधिक पात्र
जिला पंचायत रायपुर से जारी आंकड़ों के मुताबिक:
-
अभनपुर जनपद: कुल 18,352 हितग्राहियों में से 18,095 पात्र और 257 अपात्र पाए गए हैं।
-
आरंग जनपद: कुल 25,814 हितग्राहियों में से 25,138 पात्र और 676 अपात्र दर्ज किए गए हैं।
-
धरसींवा जनपद: कुल 11,540 हितग्राहियों में से 11,210 पात्र और 330 अपात्र घोषित हुए हैं।
-
तिल्दा जनपद: कुल 19,755 हितग्राहियों में से 19,625 पात्र और 130 अपात्र मिले हैं।
अपात्रों के लिए मौका: 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
प्राथमिकता सूची में अपात्र पाए गए हितग्राहियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है। अपात्र हितग्राही 28 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ग्रामसभा में अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। इस निर्धारित समयावधि में प्राप्त सभी लिखित आवेदनों पर जिला स्तरीय समिति द्वारा नियमानुसार विचार कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सूचना पटल पर चस्पा हुई सूची, समय-सीमा के बाद विचार नहीं
जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त, त्रुटिपूर्ण या अस्पष्ट आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों की सुविधा के लिए पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की पूरी सूची संबंधित जिला कार्यालय, विकासखंड कार्यालय और ग्राम पंचायत भवनों के सूचना पटल पर अवलोकन के लिए चस्पा कर दी गई है।


