स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में उपजे बाढ़ के हालातों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत देने का बड़ा ऐलान किया है। रायपुर से सुकमा के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से हुए फसल और मकानों के नुकसान का व्यापक सर्वे कराया जाएगा। सरकार स्वयं इस नुकसान का आकलन करेगी और आकलन पूरा होने के बाद प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री, पीड़ितों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण कई जगहों पर गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वह स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे बाढ़ से प्रभावित लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे और उनके मकानों व फसलों को पहुंचे नुकसान की जानकारी लेंगे। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाना है।
नई उद्योग नीति के तहत सिंगापुर जाएंगे सीएम साय, 4 से 6 अक्टूबर तक इन्वेस्टर्स मीट
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आगामी विदेशी दौरे की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य में नई उद्योग नीति लागू होने के बाद देश और विदेश में इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में वे 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर के प्रवास पर रहेंगे, जहां छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बैठकों में हिस्सा लेंगे।


