28 से 30 सितंबर तक बैंक बंद रहेंगे या नहीं? हड़ताल पर आया बड़ा अपडेट

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 सितंबर 2026:
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ बातचीत के बाद हड़ताल और आंदोलन के कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला लिया। दोनों पक्षों के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई। इसमें पांच दिन की बैंकिंग, वरिष्ठ अधिकारियों की PLI योजना और मार्च 2024 से लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी।

ad

पांच दिन की बैंकिंग पर बनेगी संयुक्त समिति

पांच दिन की बैंकिंग की मांग पर अब IBA और UFBU के प्रतिनिधियों वाली एक उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी। यह समिति सभी संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी। इसमें ग्राहकों की सुविधा को भी ध्यान में रखा जाएगा। समिति इस मुद्दे पर संभावित विकल्पों पर चर्चा करेगी और सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान तलाशेगी। बातचीत पूरी होने के बाद ही इस मांग पर आगे की दिशा तय होगी।

youtube

Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI पर भी चर्चा

बैठक में Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की Performance Linked Incentive यानी PLI योजना पर भी बातचीत करने पर सहमति बनी है। IBA इस मुद्दे पर बैंक यूनियनों और एसोसिएशनों के साथ चर्चा करेगा। यूनियनों ने PLI योजना को लेकर अपनी चिंताएं उठाई हैं। बैठक के बाद तय हुआ कि इन आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA सरकार के सामने बदलाव का प्रस्ताव रखेगा।

मार्च 2024 से लंबित मुद्दों पर भी बातचीत

बैठक में मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज बाकी लंबित मुद्दों को भी चर्चा में शामिल करने पर सहमति बनी। दोनों पक्ष इन मामलों को जल्द सुलझाने की दिशा में बातचीत करेंगे। इन मुद्दों पर आगे चर्चा होने के बाद ही संबंधित मामलों में निर्णय लिया जाएगा।

अभी क्या होगा?

UFBU ने IBA के साथ हुई बातचीत के बाद प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इसका मतलब है कि 28 से 30 सितंबर के लिए घोषित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल अब नहीं होगी। हड़ताल टलने के बाद पांच दिन की बैंकिंग समेत अन्य लंबित मुद्दों पर बातचीत का रास्ता खुला है। अब संयुक्त समिति और दोनों पक्षों के बीच होने वाली आगे की चर्चा पर नजर रहेगी।