स्वतंत्र बोल
बांका 26 सितंबर 2026: मंदार पहाड़ पर युवती से बदसलूकी और छेड़छाड़ के मामले में प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई की। बाराहाट थाना क्षेत्र के चिहार गांव में तीन आरोपितों अब्दुला, नितीश और विकास राय के घरों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम राज कुमार समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए शनिवार को एफएसएल की टीम मंदार पहाड़ पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इससे पुलिस की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज की है। पुलिस ने आरोपितों के कुछ स्वजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।
छह से सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में छह से सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से तीन की पहचान की गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


