स्वतंत्र बोल
जांजगीर-चांपा 24 सितम्बर 2026। जिले में शराब पीकर स्कूल पहुंचने के आरोप में शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पामगढ़ और बलौदा ब्लॉक के दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की। एक मामले में प्रधानपाठक पर शिक्षिका से बदसलूकी का आरोप है, जबकि दूसरे शिक्षक के स्कूल में टेबल के नीचे बैठे मिलने की जानकारी सामने आई है।
शिक्षिका से बदसलूकी का वीडियो वायरल
पहला मामला पामगढ़ ब्लॉक के भुईगांव भांठापारा का है। यहां प्रधानपाठक योगेश्वर सिंह कंवर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। घटना का वीडियो गांव के एक जनप्रतिनिधि ने बनाया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक योगेश्वर सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
टेबल के नीचे मिला सहायक शिक्षक
दूसरा मामला बलौदा ब्लॉक के नवीन प्राथमिक शाला परसदा का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक ललित राम भारद्वाज पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप है। बताया गया कि शिक्षक स्कूल में टेबल के नीचे बैठा मिला। मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की और ललित राम भारद्वाज को निलंबित कर दिया।दोनों मामलों में कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर की गई है। इन घटनाओं के बाद स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


