स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 सितंबर 2026 : रायपुर में मंगलवार रात मौसम बदला, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिली। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके असर से 23 और 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 सितंबर को सुबह 11.30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास था। यह पिछले छह घंटे में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 23 सितंबर की रात तक इसके विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने का अनुमान है। इस मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देगा।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का ज्यादा असर
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहने से जगदलपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। आज और कल दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक कई जिलों के लिए बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में बारिश और गरज-चमक के आसार
राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजनांदगांव में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कवर्धा में सबसे ज्यादा 4 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर और कोटा में 3-3 सेमी बारिश हुई। चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1-1 सेमी बारिश हुई।


