स्वतंत्र बोल
आदिलाबाद 22 सितम्बर 2026 : तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अब तक तीन मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक 5 दिन का बच्चा और एक 26 हफ्ते का प्रीमैच्योर बच्चा भी शामिल है। सोमवार देर रात करीब 11:40 बजे एयर कंडीशनर (AC) यूनिट में खराबी के बाद लगी इस आग से पूरे वार्ड में घना धुआं भर गया था, जिसके बाद 20 से ज्यादा बच्चों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। हादसे के वक्त वार्ड में कुल 24 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेडिकल टीमों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आनन-फानन में 20 से अधिक बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और आसपास के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया। रेस्क्यू के दौरान ही एक प्रीमैच्योर बच्चे की जान चली गई थी।
इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और मासूम ने तोड़ा दम
आदिलाबाद के जिला कलेक्टर राजर्षि शाह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह AC में आई खराबी बताई गई है। घटना के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए बच्चों की देखभाल वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ कर रहे थे। हालांकि, इलाज के दौरान निजामाबाद के अस्पताल में एक और बच्चे की मौत हो गई, जिससे इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की कुल संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, वेंटिलेटर पर रखे गए कई बच्चे
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को अस्पताल के अन्य वार्डों तक फैलने से रोक लिया गया। धुएं और आग की चपेट में आए बच्चों को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर तथा अन्य आवश्यक आपातकालीन मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।


