आसमान में उड़ते ही हुआ बड़ा हादसा! क्रैश हुआ प्लेन, भारत के दो होनहार छात्रों ने गंवाई जान

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 21 सितंबर 2026:
कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम के रूप में हुई है। वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दोनों की मौत पर दुख जताया है और परिवारों को पार्थिव शरीर भारत लाने समेत हर संभव कांसुलर मदद देने की बात कही है।

ad

दूतावास ने परिवारों को मदद का भरोसा दिया

भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों छात्रों के निधन पर संवेदना जताई। दूतावास ने कहा कि इस मुश्किल समय में उसकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। परिवारों को पार्थिव शरीर भारत वापस लाने की प्रक्रिया में हर संभव कांसुलर सहायता दी जाएगी दूतावास स्थानीय अधिकारियों और दोनों परिवारों के संपर्क में है। मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में जरूरी मदद की जा रही है।

youtube

सस्केचेवान में क्रैश हुआ था विमान

कनाडाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 18 सितंबर को सस्केचेवान के किस्बे के पास एक सेसना 172 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान हार्व्स एयर से जुड़ा था। यह रात की क्रॉस-कंट्री उड़ान पर था और रेजीना से सस्केचेवान के कार्लाइल होते हुए मैनिटोबा के स्टाइनबैक जा रहा था। विमान में दो लोग सवार थे। रिपोर्ट के अनुसार, विमान को अपने गंतव्य पर सुबह करीब 10:30 बजे तक पहुंचना था। जब वह नहीं पहुंचा तो मामले की सूचना कनाडा के परिवहन सुरक्षा बोर्ड को दी गई। इसके बाद विमान की तलाश शुरू की गई।

शाम को मिला मलबा, दोनों की मौत

खोज और बचाव टीमों ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे विमान का मलबा खोज लिया। घटनास्थल पर दोनों लोगों को मृत पाया गया। संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र ने अभियान का नेतृत्व किया। 435 स्क्वाड्रन के सीसी-138 हरक्यूलिस विमान ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया। इसके बाद खोज और बचाव तकनीशियनों को पैराशूट के जरिए घटनास्थल तक पहुंचाया गया। खोज और बचाव अभियान पूरा होने के बाद मामला रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस यानी आरसीएमपी को सौंप दिया गया। हादसे की जांच में कनाडा का परिवहन सुरक्षा बोर्ड, ट्रांसपोर्ट कनाडा और आरसीएमपी शामिल हैं।

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल विमान हादसे की वजह सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां दुर्घटनास्थल से जानकारी जुटा रही हैं। इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। कनाडाई मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि विमान में सवार दोनों लोग लाइसेंस प्राप्त पायलट थे और व्यावसायिक पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे करने के उद्देश्य से विमान किराए पर लेकर उड़ान भर रहे थे।

हार्व्स एयर से जुड़ा तीसरा हादसा

सीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद से हार्व्स एयर से जुड़ी यह तीसरी विमान दुर्घटना है। जनवरी 2025 में एक प्रशिक्षक छोटे विमान के प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद जुलाई 2025 में एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक इंजन वाला विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो छात्र पायलटों की मौत हुई थी। मौजूदा हादसे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।