स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के नगरीय क्षेत्रों को हरित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर नगर पालिका क्षेत्रों में आधुनिक उद्यानों का विकास किया जाएगा। इन तीनों उद्यानों के निर्माण के लिए सरकार ने 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देशन में इन परियोजनाओं को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
8,732 पौधे लगाए जाएंगे, पर्यावरण और जल संवर्धन पर जोर
स्वीकृत योजना के अनुसार, अहिवारा, मुंगेली और कांकेर के नए उद्यानों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे। इससे शहरों के हरित क्षेत्र में बढ़ोतरी होगी। पर्यावरण संरक्षण और भूजल स्तर को सुधारने के उद्देश्य से उद्यानों में वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बच्चों के लिए प्ले-एरिया, युवाओं के लिए ओपन जिम और पाथवे
इन आधुनिक उद्यानों को हर आयु वर्ग की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। परिसरों में बच्चों के लिए खेल उपकरण और प्ले-एरिया, युवाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपन जिम, टहलने के लिए पाथवे, बैठने के स्थान, गज़ेबो, प्रकाश व्यवस्था और टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण होगा।
निर्माण के बाद 5 साल तक एजेंसी करेगी देखरेख
परियोजना में रख-रखाव को लेकर भी कड़े प्रावधान किए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद अगले पांच वर्षों तक संबंधित निर्माण एजेंसी ही उद्यानों का संचालन और संधारण (रख-रखाव) करेगी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इससे विकसित सुविधाओं और हरियाली का लाभ नागरिकों को लंबे समय तक बिना किसी बाधा के मिलता रहेगा।
अहिवारा में 2.07 करोड़ की लागत से 0.52 एकड़ में बनेगा पार्क
परियोजना के तहत अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-01 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ भूमि पर आधुनिक पार्क बनेगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परिसर में करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे और बिजली की बचत के लिए सोलर लाइट की व्यवस्था रहेगी।


