स्वतंत्र बोल
मुंबई 16सितंबर 2026 : महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मुंबई के प्रसिद्ध कैफे मोंडेगर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। शनिवार को एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में टीम ने कोलाबा स्थित इस कैफे का निरीक्षण किया था, जहां फूड सेफ्टी और साफ-सफाई में कई गंभीर कमियां पाई गईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान कैफे मोंडेगर के अलावा तीन अन्य रेस्टोरेंट के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई है।
कैफे मोंडेगर में मिलीं ये गंभीर कमियां
एफडीए की जांच रिपोर्ट के अनुसार, कैफे मोंडेगर में खाद्य सुरक्षा के बुनियादी मानकों की अनदेखी की जा रही थी। रसोई में बने गर्म खाने को 60 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और ठंडे खाने को 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे स्टोर नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा, जमे हुए खाने को पिघलाने (थॉइंग) और पके हुए भोजन को ठंडा करने के लिए निर्धारित सही तरीकों का पालन नहीं हो रहा था। साफ-सफाई न होने के कारण खाने में क्रॉस-कंटैमिनेशन यानी एक खाद्य पदार्थ से दूसरे में बैक्टीरिया फैलने का बड़ा जोखिम बना हुआ था।
तीन अन्य बड़े रेस्टोरेंट पर भी गिरी गाज
एफडीए की टीम ने कैफे मोंडेगर के साथ तीन अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी शिकंजा कसा। इनमें घाटकोपर वेस्ट स्थित त्रिभुवन डेयरी फार्म, कांदिवली का महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर और घाटकोपर ईस्ट स्थित महावीर काजू एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये सभी चारों प्रतिष्ठान ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट’ के शेड्यूल 4 का सीधा उल्लंघन करते पाए गए, जिसमें व्यावसायिक रसोई के लिए स्वच्छता और सफाई के अनिवार्य नियम दर्ज हैं।
त्योहारों के मद्देनजर चला बड़ा चेकिंग अभियान
आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए एफडीए पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान चला रहा है। इस दौरान अधिकारियों ने मुंबई में कुल 38 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। नियमों की अनदेखी करने पर 9 अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दूध, खोया और घी जैसे दैनिक उपभोग के पदार्थों के कुल 47 सैंपल एकत्र कर परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
15 लाख रुपये का मिलावटी सामान जब्त
मुंबई शहर के अलावा बाहरी सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दूध और डेयरी उत्पादों की बिक्री करने वाली दुकानों पर कार्रवाई की गई। एफडीए की टीम ने अलग-अलग जगहों से 30 लीटर दूध और 4,000 किलोग्राम से अधिक दूध उत्पाद व मिठाइयां जब्त की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए इन सामानों की कुल बाजार कीमत 15 लाख रुपये से ज्यादा है।


