जावा सागर में 240 यात्रियों वाला जहाज लापता, 102 बचाए गए; 137 की तलाश जारी

स्वतंत्र बोल

ad

जर्काता 13 सितंबर 2026।   इंडोनेशिया के जावा सागर में 240 यात्रियों वाले जहाज के लापता होने के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद बाकी 137 यात्रियों की तलाश की जा रही है। जहाज पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन की ओर जा रहा था, तभी समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद उससे संपर्क टूट गया।

youtube

तकनीकी खराबी के बाद संपर्क टूटा

दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के मुताबिक, वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के पोत में तकनीकी खराबी के कारण संचार व्यवस्था ठप होने की सूचना मिली थी। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में मौसम अचानक खराब होने के बाद जहाज से संपर्क कट गया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था।

आखिरी लोकेशन तट से 148 किलोमीटर दूर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन के तट से करीब 148 किलोमीटर दूर दर्ज की गई थी। बचाव दल को इसी समुद्री क्षेत्र में भेजा गया है।  बचाव एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, बचाव कर्मियों और जहाजों को तुरंत संबंधित समुद्री क्षेत्र में भेजा गया।

समुद्र में लगातार तलाश जारी

बचाव अभियान को संचालित करने और स्थिति पर नजर रखने के लिए त्रिशक्ति में एक ऑपरेशंस पोस्ट स्थापित किया गया है। राहत और बचाव दल समुद्र में लापता पोत और बाकी यात्रियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। बाकी 137 यात्रियों की तलाश के लिए समुद्र में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।