स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव 13 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बाल आयोग सदस्य कुल प्रकाश वालदे के घर चोरी हो गई। शुक्रवार दोपहर घर सिर्फ 30 से 40 मिनट के लिए खाली था। इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के गहने और कैश लेकर फरार हो गए। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के कौरिनभाटा की है। पुलिस ने शनिवार को चोरी का केस दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
30-40 मिनट में वारदात
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 से 2:45 बजे के बीच कुल प्रकाश वालदे का घर खाली था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने सबसे पहले हॉल में रखी अलमारी को निशाना बनाया। उसका लॉकर भी तोड़ा गया। वहां ज्यादा सामान नहीं मिलने पर आरोपी बेडरूम में पहुंचे। यहां उन्होंने ताला तोड़कर अलमारी और उसके डबल लॉकर को भी तोड़ दिया।
रक्षाबंधन पर आई बहन के गहने भी चोरी
कुल प्रकाश वालदे के मुताबिक, रक्षाबंधन के दौरान उनकी बड़ी बहन घर आई थीं। उनके गहने और अन्य सामान भी घर की अलमारी में रखे हुए थे। बहन को बस्तर जाना था, लेकिन तीज पर्व के कारण सामान घर पर ही छोड़ दिया गया था। चोरी के दौरान यह सामान भी चला गया।
पीड़ित ने 70-80 लाख के नुकसान की बात कही
पीड़ित के मुताबिक, घर से करीब 1 से 1.5 लाख रुपये कैश और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। उन्होंने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपये बताई है। पीड़ित ने शुक्रवार को ही बसंतपुर थाने में घटना की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने 4 लाख की चोरी दर्ज की
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र देवांगन ने बताया कि बिल दिखाए जाने के आधार पर 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1.5 लाख रुपये कैश की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस आधार पर पुलिस ने कुल 4 लाख रुपये की चोरी दर्ज की है। इस तरह पीड़ित की ओर से बताई गई चोरी की अनुमानित कीमत और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज रकम अलग-अलग है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।


