छत्तीसगढ़ में फिर मंडराया बारिश का साया: बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब से बदला मौसम, जानिए किन जिलों में होगी भारी बारिश

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से उबरे मौसम के बीच एक बार फिर बड़ा संकट मंडराने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में इसके गंभीर रूप लेने की संभावना है और यह 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंच सकता है। इस नए सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी व्यापक पैमाने पर बारिश होने के आसार हैं।

ad

2 से 4 नवंबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 2 से 3 नवंबर के दौरान व्यापक स्तर पर वर्षा हो सकती है, जबकि 3 से 4 नवंबर के बीच कुछ चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में इसका खास असर देखने को मिलेगा। लगातार हो रही बारिश और मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने किसानों की नींद उड़ा दी है, क्योंकि हाल ही में 28 और 29 अक्टूबर को आए ‘अर्नब’ चक्रवात के कारण खेतों में पानी भरने से धान की फसलों को पहले ही काफी नुकसान पहुंच चुका है।

youtube

आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज आंधी-तूफान चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा 3 से 4 नवंबर को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका बनी हुई है। बारिश का दौर शुरू होने से पहले आगामी दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश जशपुर जिले के मनोरा में 7 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई।

  • मनोरा (जशपुर) – 7 सेमी

  • कुनकुरी (जशपुर) – 5 सेमी

  • कुसमी (बलरामपुर) – 5 सेमी

  • बगीचा (जशपुर) – 4 सेमी

  • तपकरा और सन्ना (जशपुर) – 3-3 सेमी

  • कांसाबेल (जशपुर) – 3 सेमी

  • सामरी (बलरामपुर), लैलूंगा (रायगढ़), पत्थलगांव (जशपुर), चांदो (बलरामपुर) और जशपुरनगर – 2-2 सेमी

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा।

राजधानी रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।