अभी नहीं थमेगी बारिश! छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी, 25 से ज्यादा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

स्वतंत्र बोल

ad

रायपुर 06 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बीते दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

youtube

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजिम में 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर, जबकि गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अर्जुन्दा, लाभांडी, गुंडरदेही, भिलाई, कोमाखान, धमतरी, अभनपुर, डोंगरगढ़, गरियाबंद, कुरूद समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।

रायपुर में आज भी भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को रायपुर का आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

25 से अधिक जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों सहित अन्य क्षेत्रों में ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों में न रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।