स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 जुलाई 2026:छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सतनामी समाज के वरिष्ठ नेता दयालदास बघेल का जन्मोत्सव मंगलवार को उनके गृहग्राम कुंरा में रिमझिम बारिश के बीच सादगी, आत्मीयता और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने उनके निवास पहुंचकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समाजजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। शुभचिंतकों ने मंत्री दयालदास बघेल को लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सत्य, पवित्रता और सामाजिक समरसता के प्रतीक स्वरूप सफेद रंग का विशेष केक भी काटा गया।
जन्मदिन समारोह को सेवा और समाजसेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 80 यूनिट रक्तदान किया। आयोजकों ने इसे मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद विजय बघेल, विधायक धर्मलाल कौशिक, संपत अग्रवाल, ईश्वर साहू, दीपेन्द्र साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी, ग्रामीण और समाजजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने मंत्री दयालदास बघेल के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए उनके जनसेवा और सामाजिक कार्यों की सराहना की।


