आधी रात सड़कों पर बिछा पुलिस का जाल! एक-एक कर फंसते गए नशे में धुत चालक, 47 वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई

 

ad

रायपुर। राजधानी रायपुर में आधी रात सड़क पर निकलना शराब के नशे में वाहन चालकों के लिए भारी पड़ गया। सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस की विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान 47 नशे में वाहन चलाने वाले चालक पुलिस के शिकंजे में आ गए। सभी के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

youtube

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर शनिवार, 27 जून 2026 की देर रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार ने किया। यातायात पुलिस के अधिकारियों और जवानों की टीमों ने शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने वाहनों की सघन जांच की।

चेकिंग के दौरान कुल 47 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इनमें 29 कार चालक, 4 मोटरसाइकिल चालक, 1 ई-रिक्शा चालक, 7 टाटा एस वाहन चालक और 6 ट्रक चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत 3559 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि चालक, उसके परिवार और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकता है।