पॉलीथिन पकड़ी गई तो फोन पर बरस पड़ा ‘देवर’! निगम कर्मचारी को दी धमकी, ऑडियो पहुंचा थाने

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 27 जून 2026:
 नगर निगम की स्वच्छता टीम के साथ कथित गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) जब्त करने पहुंची टीम के साथ फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और कार्रवाई रोकने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ad

घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के निरीक्षक पवन भैयालाल चौहान ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को टीम सिरगिट्टी क्षेत्र में दुकानों की जांच के लिए पहुंची थी।

youtube

दोपहर करीब 12:50 बजे टीम यदुनंदन नगर, तिफरा स्थित अपना मार्ट के पास एक डेयरी दुकान की जांच कर रही थी। जांच के दौरान दुकान से करीब पांच किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। इसके बाद निगम की टीम ने नियमानुसार जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान दुकानदार ने स्वच्छता एसआई पवन चौहान की बात वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह से मोबाइल फोन पर कराई। आरोप है कि बातचीत के दौरान मुन्ना सिंह ने जुर्माना नहीं देने की बात कहते हुए निगम कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की और कार्रवाई करने पर धमकी भी दी।

घटना के बाद निगमकर्मी ऑडियो रिकॉर्डिंग लेकर सिरगिट्टी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को रिकॉर्डिंग सौंपने के बाद शिकायत के आधार पर मुन्ना सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।