मैदान में मौत का रहस्य! 24 घंटे में पुलिस ने खोला हत्याकांड का राज, चौंकाने वाली वजह आई सामने

स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 जून 2026: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस (WRS) कॉलोनी मैदान में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। घटना के बाद इलाके में फैली सनसनी के बीच पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।

ad

पुलिस के अनुसार, 21 और 22 जून की दरमियानी रात डब्ल्यूआरएस कॉलोनी मैदान में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

youtube

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के आसपास जुटाए गए सुरागों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने तुषार सोनी और पीयूष मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि घटना के समय वे शराब के नशे में थे। इसी दौरान मृतक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मृतक के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

राजधानी में हुए इस हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि एक मामूली विवाद का हत्या जैसी वारदात में बदल जाना एक बार फिर नशे के दुष्परिणामों को उजागर करता है।