स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 जून 2026: छत्तीसगढ़ सरकार के लिए आज का दिन अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे अपने निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक आर्थिक मामलों की मंत्रिपरिषद समिति की बैठक लेंगे। इस दौरान वित्तीय और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठकों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्रालय में शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं।
शाम को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधि में भाग लेने का है। वे शाम 5 बजे मंत्रालय से ग्राम पलौद स्थित बीएसएफ कैंप के पास आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 5:10 बजे से 5:40 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होकर पौधारोपण करेंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:10 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। आज की कैबिनेट बैठक पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसमें कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।


