बिलासपुर। बिलासपुर जिले में रविवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कपड़ा सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आई पत्नी को बचाने के लिए पति दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं 14 वर्षीय बेटे के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।
जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा निवासी सचिन चंद्राकर (45) और उनकी पत्नी रजनी चंद्राकर (32) अपने घर में थे। दोनों जेके कॉलेज में खाना बनाने का काम करते थे और रोज की तरह सुबह जल्दी उठ गए थे। इसी दौरान रजनी आंगन में कपड़े सुखाने के लिए गई थीं।
बताया जा रहा है कि कपड़ा सुखाने के लिए लगाए गए जीआई तार और अलवेस्टर सीट में लगे लोहे के एंगल में करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही रजनी ने कपड़े डालने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गईं और छटपटाने लगीं।
पत्नी को तड़पता देख सचिन बिना कुछ सोचे उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन जैसे ही उन्होंने रजनी को छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बिजली करंट से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक पल में पति-पत्नी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे अधिक मार उनके 14 वर्षीय बेटे पर पड़ी है, जो अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहा है और अब उसके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है।


