छत्तीसगढ़ में योग को मिलेगी नई उड़ान! मुख्यमंत्री साय से मिले योग आयोग के नए अध्यक्ष, बनी बड़ी रणनीति

स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 जून 2026 : छत्तीसगढ़ में योग के विस्तार और जनजागरूकता अभियान को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

ad

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है।

youtube

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।

मुलाकात के दौरान प्रदेश में योग संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा योग के प्रति जागरूकता फैलाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और प्रदेश में योग आंदोलन को मजबूत आधार मिलेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता अभियान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई गति मिलेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकेंगे।