राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस में हलचल तेज, 10 दिन के खास प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को मिलेगा जीत का मंत्र

स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 जून 2026 : छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की बड़ी तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में अभनपुर स्थित मंगल भवन में 20 जून से 29 जून तक 10 दिवसीय आवासीय डीसीसी संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण शिविर में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को सीधे प्रशिक्षण देंगे।

ad

शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व विधायक धनेंद्र साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दीपक बैज ने आवास, भोजन, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

youtube

कांग्रेस का मानना है कि संगठन सृजन अभियान को नई गति देने और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने में यह प्रशिक्षण शिविर अहम भूमिका निभाएगा। इसी उद्देश्य से जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

21 जून को राहुल गांधी देंगे खास ट्रेनिंग

एआईसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल जाएंगे और जिला अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। राहुल गांधी संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति, जमीनी स्तर पर काम करने के तरीके और राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शाम 5:30 बजे तक प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लेंगे और उसके बाद शाम 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यानी उनका छत्तीसगढ़ दौरा करीब 4 घंटे 40 मिनट का रहेगा, लेकिन इस दौरान वे कांग्रेस संगठन को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे।

राहुल गांधी का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया

इस बीच राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुष्ठ बस्तियों में भोजन वितरण किया, मेकाहारा अस्पताल में कैंसर मरीजों और बच्चों को फल बांटे तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता की।

एनएसयूआई द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक जीवन गरीबों, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को सेवा और जनहित के कार्यों के माध्यम से मनाकर उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।