स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 जून 2026: खनिजों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए राजनांदगांव जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। डोंगरगढ़ क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने एक हाईवा को पकड़कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में निगरानी अभियान चलाया था। इसी दौरान एक हाईवा रेत का परिवहन करते हुए संदिग्ध पाया गया। जांच में आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति नहीं मिलने पर वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया।
थाना डोंगरगढ़ के सुपुर्द किया गया वाहन
कार्रवाई के तहत हाईवा क्रमांक सीजी 08 बीसी 9633 को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए थाना डोंगरगढ़ के सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित वाहन के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।


