स्वतंत्र बोल
रायपुर ,6 जुन 2026: बस्तर के विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन कोंडागांव में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों की जवाबदेही तय की। पेयजल योजना से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग, तालाब सौंदर्यीकरण और बस स्टैंड तक पहुंचे डिप्टी सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मिशन अमृत 2.0 के तहत निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी बाधाओं को दूर करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत कोंडागांव से 25 किलोमीटर दूर स्थित कोसारटेडा बांध से पानी लाकर उसका शोधन किया जाएगा और नल कनेक्शन के माध्यम से घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। 9 एमएलडी क्षमता वाले इस प्लांट का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना में दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी शामिल है।
निरीक्षण के दौरान अरुण साव कोपाबेड़ा भी पहुंचे, जहां उन्होंने 3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें समय पर पूरा किया जाए।
डिप्टी सीएम ने कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 2.9 किलोमीटर लंबी यह सड़क 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में गति लाने पर जोर दिया।
दौरे का सबसे अहम पड़ाव निर्माणाधीन कोंडागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी रहा। यहां उप मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के साथ-साथ पुल और पुलियों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में निर्माण कार्यों की वजह से आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
अरुण साव ने कोंडागांव के चिखलपुट्टी में नवनिर्मित बस स्टैंड का भी अवलोकन किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था और बस स्टैंड के बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम के इस दौरे से साफ संकेत मिला है कि राज्य सरकार बस्तर में चल रही विकास परियोजनाओं की लगातार निगरानी कर रही है और चाहती है कि करोड़ों रुपये की योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द आम लोगों तक पहुंचे। विशेष रूप से बरसात से पहले सड़क, पुल और पेयजल परियोजनाओं को लेकर प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।


