नीम के पेड़ के नीचे चल रहा था ‘शराब का काला खेल’! पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

स्वतंत्र बोल
धमतरी 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच भखारा थाना पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर एक आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ad

मामला भखारा थाना क्षेत्र का है, जहां रोशन राइस मिल स्थित नीम पेड़ पुल के पास लंबे समय से चोरी-छिपे शराब बिक्री की सूचना मिल रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से सुनसान जगह पर ग्राहकों को शराब सप्लाई कर रहा था ताकि किसी को भनक न लगे।

youtube

मुखबिर से सूचना मिलते ही भखारा पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजु साहू उर्फ तुलसी साहू (54 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03 भखारा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2400 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भखारा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिलेभर में मादक पदार्थ, अवैध शराब और जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखकर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल बताया जा रहा है।