स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 27 मई 2026: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरी खबर दी है। दक्षिण मध्य रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक बड़ा फैसला लेते हुए चर्लापल्ली से दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस फैसले से खासकर छत्तीसगढ़, बिहार और तेलंगाना के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन 27 मई 2026, बुधवार को दोपहर 1 बजे चर्लापल्ली स्टेशन से रवाना होगी। गर्मियों में भारी भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन अतिरिक्त सुविधा के तौर पर चलाई जा रही है।
सबसे खास बात यह है कि यह स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। तय समय के अनुसार ट्रेन शाम 8:10 बजे चांदाफोर्ट पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन रात 11:45 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचेगी, जहां 10 मिनट का स्टॉप दिया गया है। फिर बालाघाट जंक्शन पर रात 12:40 बजे और नैनपुर स्टेशन पर रात 2:20 बजे इसका आगमन होगा। पूरी यात्रा तय करते हुए यह स्पेशल ट्रेन अगले दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें 3 एसी टू टियर, 5 एसी थ्री टियर, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।
गर्मी के सीजन में लगातार बढ़ती यात्रियों की संख्या के कारण कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में और भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान कम परेशानी का सामना करना पड़े। फिलहाल इस ट्रेन की खबर सामने आते ही यात्रियों के बीच राहत और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


