44 डिग्री की तपिश बनी मौत का जाल! चलते ट्रक में बिगड़ी ड्राइवर की हालत, अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसें

स्वतंत्र बोल
जांजगीर-चांपा 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पड़ रही भीषण गर्मी अब सीधे लोगों की जान लेने लगी है। नौतपा की तपती दोपहर और 44 डिग्री तक पहुंचे तापमान के बीच एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत ने इलाके में डर और चिंता दोनों बढ़ा दिए हैं।

ad

मृतक की पहचान झारखंड निवासी 47 वर्षीय नरेश रोहिदास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बलौदा बाजार से सामान लेकर जमशेदपुर जा रहा था। सफर के दौरान मौसम इतना खतरनाक हो चुका था कि रास्ते में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

youtube

जानकारी के मुताबिक ट्रक जब केरा इलाके के पास पहुंचा, तभी नरेश को तेज चक्कर आने लगे। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच वह अचानक बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने उसे तुरंत केरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत ने शायद रास्ते में ही जवाब दे दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसे हालात को लेकर लोगों में डर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की चेतावनी दी है।

दिन में सड़कें सूनी पड़ने लगी हैं और दोपहर के वक्त बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। डॉक्टरों ने खासकर ड्राइवरों, मजदूरों और धूप में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि लगातार गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।

नौतपा की इस झुलसाती गर्मी ने अब साफ संकेत दे दिए हैं कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।