स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह उस वक्त गमगीन माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि देने उनके रायपुर स्थित निवास पहुंचे। कबीर नगर स्थित घर पर जैसे ही मुख्यमंत्री पहुंचे, वहां मौजूद परिजनों और समर्थकों की आंखें नम हो गईं।
मुख्यमंत्री के साथ गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने दिवंगत रूपनारायण सिन्हा को श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवार को ढांढस बंधाया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अचानक रूपनारायण सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई थी। कार्यक्रम के बीच उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद तुरंत उन्हें सिम्स अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय से संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रूपनारायण सिन्हा को एक सक्रिय और सरल व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका बहुत पुराना संबंध था। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए थे और उनके साथ व्यक्तिगत रिश्ते भी बेहद आत्मीय रहे।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति मिले और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्राप्त हो।
आज कुछ देर बाद पूरे राजकीय सम्मान और अंतिम विदाई के माहौल के बीच रूपनारायण सिन्हा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निवास पर सुबह से ही नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का पहुंचना लगातार जारी है।


