कुशालपुर में देर शाम मचा आतंक, बाइक सवार युवकों पर हथियारों से हमला; चीख-पुकार के बीच भागे हमलावर

स्वतंत्र बोल
रायपुर  27 मई 2026:
राजधानी रायपुर एक बार फिर गैंगवार की खौफनाक घटना से दहल उठी। रिंग रोड नंबर-01 स्थित कुशालपुर इलाके में देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब स्कॉर्पियो सवार और बाइक सवार युवक अचानक बीच सड़क पर एक-दूसरे के खून के प्यासे बन गए। कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका रणभूमि में बदल गया और सड़क पर चाकू, फरसे और लाठी-डंडे चलने लगे।

ad

इस सनसनीखेज घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक खुलेआम एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मामला DD नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

youtube

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुशालपुर रिंग रोड पर अचानक एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार युवकों को रोका। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक गैंगवार में बदल गया। कुछ युवक पहले से हथियार लेकर पहुंचे थे, जिससे यह हमला सुनियोजित होने की आशंका भी जताई जा रही है।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ बदमाशों के हाथ में चाकू और फरसे थे, जबकि अन्य युवक लाठी-डंडों से हमला कर रहे थे। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और वहां से गुजर रहे लोग जान बचाकर दूर हटने लगे। कई वाहन चालकों ने डर के कारण अपनी गाड़ियां रोक लीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आसपास भीड़ जमा नहीं होती तो यह गैंगवार और ज्यादा खूनी रूप ले सकती थी। जैसे ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही DD नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल झगड़े की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और गैंग प्रतिद्वंद्विता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली गई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।