जशपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, घर से मिला लाखों का गांजा; गांव में मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल
जशपुर 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक ग्रामीण की ऐसी करतूत सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। बाहर से साधारण घर दिखने वाले मकान के अंदर पुलिस को ऐसा नजारा मिला कि अधिकारी भी दंग रह गए। घर की बाड़ी में चोरी-छिपे गांजे की खेती की जा रही थी और आरोपी बड़े आराम से नशे का कारोबार चलाने की तैयारी में था। लेकिन पुलिस ने समय रहते पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।

ad

मामला लोदाम थाना क्षेत्र के खिखिर टोली गांव का है, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में गांजा उगा रहा है और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारा।

youtube

जैसे ही पुलिस आरोपी विजय सिंह के घर पहुंची, वहां का नजारा देखकर टीम भी चौंक गई। घर की बाड़ी में एक-दो नहीं बल्कि पूरे 40 गांजे के पौधे लगे मिले। इतना ही नहीं, तलाशी के दौरान करीब 3 किलो 646 ग्राम तैयार गांजा भी बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे और पौधों की कुल कीमत करीब 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।

सूत्रों के अनुसार आरोपी काफी समय से बेहद शातिर तरीके से इस काम को अंजाम दे रहा था ताकि किसी को शक न हो। बाहर से देखने पर घर सामान्य दिखाई देता था, लेकिन अंदर नशे का पूरा खेल चल रहा था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी विजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा सिर्फ स्थानीय स्तर पर बेचा जा रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।

जशपुर SSP डॉ. लाल उमेंद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई तेज की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल बताया जा रहा है।