स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 मई 2026: छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में कल की कैबिनेट बैठक को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार शाम 6 बजे मंत्रालय में मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। खास बात यह है कि प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के बीच यह पहली कैबिनेट बैठक होने जा रही है, जिससे कई बड़े फैसलों की अटकलें तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री के हालिया बस्तर दौरे और मुख्यमंत्री के दिल्ली प्रवास के दौरान मिले निर्देशों पर महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जा सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रही तबादला नीति पर भी बड़ा फैसला संभव माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी नई ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने को लेकर चर्चा हो सकती है। यदि इस पर मुहर लगती है तो प्रदेश के हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
राज्य में पिछले दो वर्षों से सुशासन तिहार के दौरान कैबिनेट बैठक नहीं हुई थी। ऐसे में इस बार की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर इस बैठक से कई संकेत निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे। माना जा रहा है कि राजधानी लौटते ही वे कैबिनेट एजेंडे पर अंतिम चर्चा कर सकते हैं। अब सबकी नजर मंगलवार शाम होने वाली इस बैठक पर टिक गई है, जहां कई बड़े फैसलों पर मुहर लग सकती है।


