‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ज्वाइन करते ही खाली हो सकता है बैंक अकाउंट! एक क्लिक से मोबाइल हो रहा है हैक, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली  25 मई 2026:सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब सिर्फ एक ट्रेंड नहीं रही, बल्कि इसके नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड भी शुरू हो गया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर करोड़ों युवाओं के बीच चर्चा में आई इस डिजिटल लहर का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर आपके फोन पर भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी ज्वाइन करें’ जैसा कोई लिंक आए, तो भूलकर भी उस पर क्लिक न करें।

ad

राजस्थान की भरतपुर पुलिस और पंजाब की लुधियाना पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है कि ठग वॉट्सऐप, फेसबुक मैसेंजर और एसएमएस के जरिए फर्जी लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक को इस तरह तैयार किया गया है कि युवा उत्सुकता या भावनाओं में बहकर क्लिक कर दें। लेकिन एक क्लिक के बाद पूरा मोबाइल फोन हैक हो सकता है।

youtube

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल इस ट्रेंड के नाम पर युवाओं को “देश बदलने का मौका”, “सिस्टम के खिलाफ नई क्रांति” और “युवाओं के लिए बड़ी अपॉर्चुनिटी” जैसे मैसेज भेजे जा रहे हैं। जैसे ही कोई यूजर लिंक खोलता है, उसके फोन का एक्सेस सीधे साइबर ठगों के हाथ में पहुंच जाता है।

लुधियाना पुलिस द्वारा जारी 42 सेकेंड के वीडियो में अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि यह एक खतरनाक फिशिंग लिंक है। इस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में मौजूद बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड, निजी फोटो, दस्तावेज और अन्य संवेदनशील डेटा स्कैमर्स तक पहुंच सकता है।

इतना ही नहीं, साइबर ठग पीड़ित के बैंक खाते से पैसे उड़ाने के साथ-साथ उसके नाम पर लाखों रुपये का लोन तक ले सकते हैं। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया के किसी भी ट्रेंड या वायरल कैंपेन के पीछे आंख बंद करके भागना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

दरअसल “कॉकरोच जनता पार्टी” को सोशल मीडिया पर युवाओं की बेरोजगारी और सिस्टम के खिलाफ नाराजगी का प्रतीक मानकर वायरल किया जा रहा है। लेकिन अब यही वायरल नाम साइबर अपराधियों के लिए नया हथियार बन चुका है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, खासकर अगर उसमें किसी पार्टी, नौकरी या बड़े मौके का लालच दिया जा रहा हो। अगर ऐसा कोई मैसेज मिले तो तुरंत डिलीट करें और जरूरत पड़ने पर साइबर सेल को सूचना दें।