25 ट्रेनों में चला ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान, 487 यात्रियों से वसूला लाखों का जुर्माना… स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,23 मई 2026: रेलवे को चूना लगाकर सफर करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर चलाए गए बड़े टिकट चेकिंग अभियान में सैकड़ों यात्री बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ पकड़े गए। जांच के दौरान स्टेशन और ट्रेनों में ऐसा माहौल बन गया कि कई यात्री सीट छोड़कर इधर-उधर भागते नजर आए।

ad

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा चलाए गए इस विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” में कुल 487 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए। रेलवे अधिकारियों ने इन यात्रियों से करीब 4 लाख 97 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

youtube

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह विशेष अभियान 21 मई से 14 जून तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा देना, साथ ही बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्त रोक लगाना है।

अभियान के पहले दिन 21 मई को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन पर ताबड़तोड़ जांच की गई। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई और आरपीएफ की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

रेलवे स्टाफ ने प्लेटफॉर्म और वहां से गुजरने वाली 25 ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई यात्री बिना टिकट और गलत टिकट के साथ पकड़े गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सिर्फ बिना टिकट यात्रा करने वाले 487 यात्रियों से ही 3 लाख 62 हजार 95 रुपये की वसूली की गई।

रेलवे ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान और सख्ती से जारी रहेगा। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, अन्यथा भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।