बस्तर में आज सत्ता का सबसे बड़ा महाकुंभ! अमित शाह की हाई सिक्योरिटी बैठक में जुटेंगे 4 राज्यों के मुख्यमंत्री

स्वतंत्र बोल
जगदलपुर, 19 मई 2026: बस्तर का जगदलपुर आज देश की राजनीति और प्रशासन का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे आयोजित होगी। इस हाई प्रोफाइल बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एक साथ शामिल होंगे।

ad

छत्तीसगढ़ सरकार इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी कर रही है। बैठक को लेकर बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक हलकों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस बैठक की चर्चा तेज है, क्योंकि माना जा रहा है कि कई बड़े और संवेदनशील मुद्दों पर यहां रणनीति तैयार हो सकती है।

youtube

बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। इनके अलावा सभी राज्यों के मुख्य सचिव और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, विकास योजनाओं, कानून व्यवस्था और नीतिगत मामलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। खास तौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा रणनीति और विकास कार्यों को लेकर भी अहम बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक जून 2025 में वाराणसी में आयोजित हुई थी। लेकिन इस बार बस्तर में हो रही बैठक को कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक से कौन से बड़े फैसले और संकेत सामने आते हैं।