स्वतंत्र बोल
जगदलपुर, 18 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि घायलों में 7 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा बालिंगा इलाके के नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। रायपुर से कोंटा जा रही यात्री बस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बस का पट्टा टूटने के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कुछ ही सेकंड में बस पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।


