स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 18 मई 2026: बिलासपुर पुलिस ने आखिरकार उस शातिर और आदतन चोर को पकड़ लिया है, जो महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अलग-अलग राज्यों में छिपता फिर रहा था। तोरवा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में नैतिक उर्फ गणेश उर्फ “चुचरू” प्रधान को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी पर दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने, मोबाइल लूटने और बाइक चोरी जैसी कई वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
जानकारी के मुताबिक जुलाई 2025 में पावर हाउस चौक स्थित एक किराना दुकान का शटर तोड़कर 10 से 12 हजार रुपए नगद चोरी किए गए थे। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया, जिसकी पहचान नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान के रूप में हुई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। कभी हरियाणा तो कभी दमन में छिपकर वह पुलिस को चकमा देता रहा। आखिरकार साइबर सेल की तकनीकी ट्रैकिंग ने उसका खेल खत्म कर दिया।
पुलिस ने अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने कई चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
आरोपी ने अकलतरा समेत कई इलाकों में दुकानों के ताले तोड़ने, कपड़ा दुकान में चोरी, मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल लूट जैसी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय था। फिलहाल उससे और भी कई मामलों में पूछताछ की जा रही है।


