रायपुर में बम की साजिश का पर्दाफाश? संदिग्ध बैग से मचा हड़कंप, फिर पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 13 मई 2026:
राजधानी रायपुर में बम बनाने से जुड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बैग से विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद मचे हड़कंप के बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन पूरे मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है।

ad

मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार को एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना ने पूरे इलाके को दहला दिया था। खबर मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई और बैग की बारीकी से जांच शुरू की गई।

youtube

प्रारंभिक जांच में जो सामने आया, उसने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी। बम निरोधक दस्ते ने बैग में लो-इंटेंसिटी एक्सप्लोसिव सामग्री और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध उपकरण मिलने की पुष्टि की। इसके बाद मामले को बेहद गंभीर मानते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।

सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपी विनय देवांगन तक पहुंच गई। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे खमतराई इलाके में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस सामग्री को तैयार करने के पीछे मकसद क्या था और कहीं इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।

घटना के बाद रावाभाठा और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच डर और दहशत का माहौल बन गया था। कई घंटों तक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी भी बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले के पीछे की असली कहानी सामने आ सकेगी।