स्वतंत्र बोल
सरगुजा,12 मई 2026: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से उत्तरप्रदेश जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठा युवक उसी में फंस गया।
यह हादसा लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर मोड़ के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति में थी। मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सीधे सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार के अंदर फंसे युवक को बाहर निकाला। घायल युवक की पहचान अभिषेक पांडे, पिता अजय पांडे के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता भदोही, उत्तरप्रदेश बताया जा रहा है, जबकि वह फिलहाल रायपुर के कबीर नगर में रह रहा था।
घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।


