स्वतंत्र बोल
बलरामपुर/गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 02 जून 2026: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर कई मीटर तक घसीट दिया, वहीं दूसरी ओर जेसीबी से हुई टक्कर में एक पशु फार्मकर्मी की जिंदगी खत्म हो गई। दोनों घटनाओं की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
टक्कर के बाद 15 मीटर तक घसीटता रहा पिकअप, मौके पर मौत
पहला हादसा बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक तारकेश्वरपुर निवासी श्यामलाल अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वाड्रफनगर से बनारस की ओर सब्जी लेकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने फूलीडूमर चौक के पास उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन के नीचे फंस गया और पिकअप उसे करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भयावह था कि श्यामलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारी की JCB से टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम
दूसरा हादसा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में हुआ। यहां शासकीय पशु फार्म में कार्यरत जय प्रकाश बंजारे ड्यूटी समाप्त होने के बाद स्कूटी से अपने घर बांधामुड़ा लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि बांधामुड़ा के पास उनकी स्कूटी की विपरीत दिशा से आ रही एक जेसीबी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी और जेसीबी की टक्कर का दृश्य कैद बताया जा रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
गौरेला पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं जेसीबी और उसके चालक की तलाश भी जारी है।
बढ़ती रफ्तार बन रही मौत की वजह
प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। दो अलग-अलग जिलों में कुछ ही घंटों के भीतर हुई इन घटनाओं ने यह साबित कर दिया कि सड़क पर एक छोटी सी चूक भी जिंदगी और मौत के बीच का फासला तय कर सकती है।


