चलती बस में युवक के साथ आखिर हुआ क्या?… सीट पर बैठा था यात्री, कुछ देर बाद देखकर कांप उठे लोग

स्वतंत्र बोल
कवर्धा ,10 मई 2026
:इलाहाबाद से बिलासपुर आ रही एक यात्री बस में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सफर कर रहा एक युवक अचानक अपनी सीट पर अचेत हालत में मिला। पहले यात्रियों को लगा कि युवक गहरी नींद में है, लेकिन जब काफी देर तक उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो बस में बैठे लोगों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ad

बताया जा रहा है कि युवक बस में अकेला सफर कर रहा था। सफर के दौरान वह अपनी सीट पर शांत बैठा हुआ था, लेकिन अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर देख बस चालक और परिचालक तुरंत युवक को लेकर पंडरिया थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

youtube

पुलिस ने बिना देर किए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद बस में मौजूद यात्रियों में भी दहशत फैल गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। युवक के पास से इलाहाबाद से बिलासपुर तक का बस टिकट जरूर मिला है, लेकिन उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान तुरंत हो सके।

पंडरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब मौत की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में भी युवक की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है। इसी रहस्य ने पूरे मामले को और भी ज्यादा संदिग्ध बना दिया है।